नक्सल मोर्चे पर अदम्य साहस दिखाने वाले DSP डॉ. प्रशांत देवांगन को मिलेगा पुलिस वीरता पदक,
कबीरधाम में उप पुलिस अधीक्षक, आजाक के पद पर नवीन पदस्थ हुए हैं।
कबीरधाम में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यभार ग्रहण करने वाले डॉ. प्रशांत देवांगन को नक्सल विरोधी अभियानों में अदम्य साहस, उत्कृष्ट नेतृत्व एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जाएगा।
डॉ. प्रशांत देवांगन ने अगस्त 2020 में पुलिस सेवा में प्रवेश किया। पुलिस सेवा में आने से पूर्व वे लगभग पांच वर्षों तक पशु चिकित्सा अधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने नारायणपुर जिले के अत्यंत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कई चुनौतीपूर्ण एंटी नक्सल अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डीआरजी नारायणपुर का नेतृत्व करते हुए रेखवाया, कोडतामरका, घमंडी, थुलथुली एवं बालेबेड़ा सहित कई बड़े नक्सल विरोधी अभियानों में उन्होंने अदम्य साहस और प्रभावी नेतृत्व का परिचय दिया।
एक नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में घायल होने के बावजूद उनका हौसला और कर्तव्य के प्रति समर्पण कायम रहा।
कबीरधाम आने से पूर्व डॉ. प्रशांत देवांगन जिला सुकमा के कोंटा क्षेत्र में एसडीओपी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। नक्सल प्रभावित कोंटा क्षेत्र में उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था एवं नक्सल विरोधी अभियानों से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
नक्सल मोर्चे पर उनके साहस, नेतृत्व क्षमता एवं कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए पुलिस वीरता पदक के लिए उनका चयन किया गया है। उनका कबीरधाम में आगमन जिले के पुलिस बल के लिए भी गौरव का विषय है।
