रायपुर। गणेश उत्सव और भव्य गणेश विसर्जन झांकी को लेकर रायपुर पुलिस की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। पुलिस के अनुसार, गणेश स्थापना से लेकर विसर्जन तक करीब 15 दिनों के दौरान कोई बड़ी वारदात नहीं हुई।
इस वर्ष विसर्जन झांकी में 74 झांकियां शामिल हुईं, जबकि 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया गया। पिछले वर्ष 62 झांकियां शामिल हुई थीं।
चाकू और आपत्तिजनक सामान बरामद
विसर्जन के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और आपत्तिजनक वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखी। सुरक्षा जांच में 22 से अधिक चाकू, 4 कैंची और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
6 जोन और 24 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था
पूरे आयोजन को 6 जोन और 24 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की गई। गणेश पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों, झांकी मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।
गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन करीब 700 से 800 पुलिस अधिकारी एवं जवान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था संभालते रहे।
विसर्जन के दिन 50 से ज्यादा राजपत्रित अधिकारी मैदान में
विसर्जन झांकी के दिन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए 50 से अधिक राजपत्रित पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर रहकर कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की निगरानी की।
ACCU की 200 सदस्यीय विशेष टीम तैनात
DCP क्राइम के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच (ACCU) की करीब 200 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम ने भी निगरानी संभाली। टीम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी गई।
ड्रोन, ITMS और CCTV से निगरानी
विसर्जन झांकी के दौरान ड्रोन, ITMS और CCTV कैमरों के जरिए प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की गई। भीड़ और यातायात की स्थिति के अनुसार पुलिस द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
जनसहयोग से सफल हुआ आयोजन
पुलिस के अनुसार गणेश समितियों, जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों और मीडिया के सहयोग से गणेश विसर्जन का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

